नीमच। शहर के जामा मस्जिद क्षेत्र में एक महिला से सोने के आभूषण ठगने का मामला सामने आया है। ग्राम खेताखेड़ा डोरिया निवासी बुलाकीबाई पति भागचंद ओढ़ ने आरोप लगाया है कि दो अज्ञात व्यक्तियों ने बातचीत के बहाने उसे अपने प्रभाव में लिया और उसके सोने के गहने लेकर फरार हो गए। घटना के बाद पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से कार्रवाई की मांग की है।
बातों में उलझाकर साथ ले गए आरोपी
पीड़िता के आवेदन के अनुसार वह 6 जून को किसी निजी कार्य से नीमच आई थीं। शाम करीब 6 बजे जामा मस्जिद क्षेत्र में दो अज्ञात व्यक्ति उनसे मिले। महिला का आरोप है कि दोनों ने पहले विश्वास जीतने की कोशिश की और फिर उसे अपने साथ ले गए। इसके बाद उसके पहने हुए सोने के आभूषण उतरवा लिए गए।
महिला ने बताया कि जब उसने विरोध किया तो आरोपियों ने कथित रूप से चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। डर के कारण वह तत्काल कोई प्रतिरोध नहीं कर सकी। इसके बाद दोनों आरोपी आभूषण लेकर मौके से फरार हो गए।
पुलिस कार्रवाई नहीं होने पर एसपी कार्यालय पहुंची
पीड़िता का कहना है कि घटना वाले दिन ही उसने कैंट थाना पुलिस को शिकायत दी थी। हालांकि पांच दिन बीत जाने के बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर वह पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची। आवेदन में उसने मामले की निष्पक्ष जांच और शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।
महिला ने अपने आवेदन में बताया है कि जामा मस्जिद क्षेत्र और आसपास लगे CCTV कैमरों में पूरी घटना कैद होने की संभावना है। उसका कहना है कि फुटेज की जांच से आरोपियों की पहचान की जा सकती है। उसने चोरी गए आभूषणों की बरामदगी की भी मांग की है।
जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों की ओर से अभी आरोपियों की पहचान या गिरफ्तारी को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों और CCTV फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ताज़ा ख़बरों का अपडेट सीधा अपने फोन पर पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें।






