मंदसौर । मध्यप्रदेश के जिला अस्पताल मंदसौर में मंगलवार सुबह मरीज के परिजनों और सुरक्षाकर्मियों के बीच विवाद हो गया। मामला इतना बढ़ गया कि अस्पताल परिसर में हाथापाई की स्थिति बन गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें महिला सुरक्षा सुपरवाइजर और मरीज के बीच धक्का-मुक्की दिखाई दे रही है।
जानकारी के अनुसार नरसिंह पिता चैनराम राठौर सोमवार शाम से तबीयत खराब होने के कारण भर्ती थे। मंगलवार सुबह उनकी मां पानीबाई घर से खाना लेकर अस्पताल पहुंचीं। आरोप है कि मुख्य गेट पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें अंदर जाने से रोक दिया।
परिजनों और सुरक्षाकर्मियों में हुई कहासुनी


परिजनों के मुताबिक पानीबाई ने इसके बाद मरीज की पत्नी सीताबाई को फोन कर बुलाया। सीताबाई के पहुंचने के बाद गेट पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों और परिवार के बीच बहस शुरू हो गई।
विवाद की जानकारी मिलने पर भर्ती मरीज नरसिंह भी वार्ड से निकलकर मुख्य प्रवेश द्वार तक पहुंच गया। यहां बहस और तेज हो गई। इसी दौरान अस्पताल की महिला सुरक्षा सुपरवाइजर प्राची मौके पर पहुंचीं। आरोप है कि विवाद के दौरान मरीज और सुपरवाइजर के बीच हाथापाई हुई।
VIDEO बनाने पर बढ़ा मामला
मरीज नरसिंह का आरोप है कि जब उसने मोबाइल से वीडियो बनाना शुरू किया, तब उसके साथ अभद्र व्यवहार किया गया और मारपीट की गई। वायरल वीडियो में धक्का-मुक्की और हाथ उठाने जैसी स्थिति दिखाई दे रही है। हालांकि वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
मामले में महिला सुरक्षा सुपरवाइजर प्राची ने किसी भी तरह की टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। वहीं घटना के बाद दोनों पक्ष सिटी कोतवाली थाने पहुंचे।
पुलिस ने शुरू की जांच
सिटी कोतवाली थाना पुलिस के उप निरीक्षक संदीप मौर्य ने बताया कि दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। वायरल वीडियो और अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ताज़ा ख़बरों का अपडेट सीधा अपने फोन पर पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें।






