मंदसौर। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मल्हारगढ़ पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। जीरन रोड कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक बोलेरो वाहन से 173 किलो 380 ग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद किया है। जिसकी अनुमानित कीमत करीब 3 लाख 46 हजार रुपये बताई जा रही है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो अन्य आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।

पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक सफेद रंग की बोलेरो में अवैध मादक पदार्थ की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर मल्हारगढ़-जीरन रोड स्थित भैसाखेड़ा क्षेत्र में घेराबंदी की गई। कुछ देर बाद पुलिस को संदिग्ध बोलेरो क्रमांक एमपी 14 बीई 0668 दिखाई दी, जिसे रोककर तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान पुलिस अधिकारी उस समय हैरान रह गए जब वाहन में बनाए गए गुप्त केबिन सामने आए। आरोपियों ने बोलेरो की छत और पीछे की सीट के नीचे विशेष छिपे हुए खाने तैयार कर रखे थे। इन्हीं केबिनों में बड़ी मात्रा में पीसा हुआ डोडाचूरा छिपाकर ले जाया जा रहा था। पुलिस ने मादक पदार्थ और वाहन दोनों को जब्त कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जितेंद्र पिता मदनलाल लक्षकार निवासी शामगढ़ और राधेश्याम पिता बालाराम लक्षकार निवासी बालागुड़ा, थाना पिपलियामंडी के रूप में हुई है। मल्हारगढ़ थाना प्रभारी अनिल रघुवंशी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 एवं 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने मामले में मिलन राठौर निवासी बही और पदमसिंह निवासी बाड़मेर (राजस्थान) को भी सह-आरोपी बनाया है, जो फिलहाल फरार हैं। उनकी तलाश के लिए विशेष टीमों को लगाया गया है।
पुलिस के मुताबिक, जीरन रोड कार्रवाई के बाद अब पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है और पूछताछ के आधार पर आगे और खुलासे होने की संभावना है।
ताज़ा ख़बरों का अपडेट सीधा अपने फोन पर पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें।






