मंदसौर (Mandsaur News): मंदसौर जिले के भावगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम भंडारिया में युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद गुरुवार को स्थिति तनावपूर्ण हो गई। मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने भावगढ़ फंटे पर शव रखकर चक्का जाम कर दिया, जिससे महू-नीमच 4 लेन स्टेट हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की समझाइश के बाद करीब ढाई घंटे बाद जाम समाप्त कराया गया।
मृतक की पहचान हरीश पिता गोपाल उर्फ हिरालाल गायरी निवासी ग्राम भंडारिया के रूप में हुई है। परिजनों ने 20 से 25 लोगों पर घर में घुसकर मारपीट करने और जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है। वहीं मामले में सोशल मीडिया पर फर्जी आईडी विवाद का एंगल भी सामने आया है, जिसकी पुलिस जांच कर रही है।
परिजनों का आरोप- घर में घुसकर की मारपीट
परिजनों के अनुसार बुधवार रात करीब 7:30 बजे से 8:30 बजे के बीच बाइक पर सवार होकर 20 से 25 लोग उनके घर पहुंचे। परिवार का आरोप है कि आरोपियों ने घर में घुसकर महिलाओं और अन्य सदस्यों के साथ धक्का-मुक्की की। परिवार के मुताबिक हरीश को एक कमरे में बंद कर गंभीर मारपीट की गई। परिजनों ने आशंका जताई कि आरोपियों ने उसे कोई जहरीला पदार्थ भी पिलाया, जिसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई।
घटना के बाद परिजन हरीश को इलाज के लिए जिला चिकित्सालय मंदसौर लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे उदयपुर रेफर किया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
ग्रामीणों ने एक व्यक्ति को पकड़कर पुलिस को सौंपा
परिवार का कहना है कि घटना के दौरान घर से चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे थे। आरोप है कि ग्रामीणों को आता देख कई लोग वहां से भागने लगे। इसी दौरान ग्रामीणों ने एक व्यक्ति को पकड़ लिया, जिसे बाद में पुलिस के हवाले कर दिया गया। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच और सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
फर्जी सोशल मीडिया आईडी विवाद का एंगल भी जांच में
मामले में दूसरी ओर से भी अलग जानकारी सामने आई है। स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि हरीश ने कथित रूप से एक युवती के नाम से फर्जी सोशल मीडिया आईडी बनाई थी। इसी विवाद को लेकर युवती के भाई और अन्य लोग उसके घर पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि इसी दौरान विवाद और मारपीट हुई। दूसरी ओर यह दावा भी किया जा रहा है कि युवक ने जहरीले पदार्थ का सेवन किया था। हालांकि इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट सहित अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
शव रखकर किया चक्का जाम
युवक की मौत के बाद आक्रोशित परिजन और ग्रामीण गुरुवार दोपहर भावगढ़ फंटे पर पहुंच गए। प्रदर्शनकारियों ने शव सड़क पर रखकर चक्का जाम शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। साथ ही आरोपियों का जुलूस निकालने और कथित अवैध संपत्तियों पर कार्रवाई की मांग भी की गई। चक्का जाम के कारण महू-नीमच 4 लेन स्टेट हाईवे पर दोनों ओर करीब दो किलोमीटर लंबी वाहनों की कतार लग गई। सैकड़ों वाहन जाम में फंस गए, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
देखिये घटना के बाद की कुछ तस्वीरें…



पुलिस और प्रशासन ने दी समझाइश
सूचना मिलने के बाद पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे लोगों से बातचीत की और कार्रवाई का आश्वासन दिया। करीब ढाई घंटे बाद प्रदर्शनकारी माने और हाईवे से जाम हटाया गया। इसके बाद यातायात सामान्य हो सका।
एडिशनल एसपी बोले- निष्पक्ष जांच होगी
मामले को लेकर एडिशनल एसपी तेर सिंह बघेल ने बताया कि भावगढ़ थाना क्षेत्र के युवक को संदिग्ध रूप से जहरीला पदार्थ सेवन करने के बाद जिला अस्पताल लाया गया था, जहां बाद में उसकी मौत हो गई। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया था। इसके बाद परिजन भावगढ़ फंटे पर रुक गए थे, जिन्हें समझाइश देकर वहां से हटाया गया।
एडिशनल एसपी के अनुसार परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों और उनकी मांगों की निष्पक्ष जांच की जाएगी। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
जांच रिपोर्ट का इंतजार
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। प्रशासन का कहना है कि किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी तथ्यों का सत्यापन किया जाएगा।
ताज़ा ख़बरों का अपडेट सीधा अपने फोन पर पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें।


