पिपलियामंडी।गुरुवार देर रात महू-नीमच हाईवे पर तेज रफ्तार स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर की रेलिंग से टकरा गई। हादसा मंदसौर जिले के पिपलियामंडी थाना क्षेत्र के चौपाटी इलाके के पास हुआ। दुर्घटना में सुवासरा निवासी दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल मंदसौर रेफर किया गया।
हादसा रात करीब 12 बजे हुआ। कार नीमच से मंदसौर की ओर आ रही थी। बताया जा रहा है कि वाहन की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके चलते चालक नियंत्रण खो बैठा और कार सीधे डिवाइडर में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
कार में फंसे थे दोनों युवक



पिपलियामंडी एक्सीडेंट के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे के बाद दोनों युवक वाहन के अंदर फंस गए थे। स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद उन्हें बाहर निकाला। सूचना मिलते ही टोल एंबुलेंस टीम मौके पर पहुंची।
ईएमटी विशाल गिरीश भाटी, असिस्टेंट राहुल ब्रजवानी और पायलट मुकेश मालवीय ने घायलों को प्राथमिक उपचार दिया। गंभीर हालत होने पर दोनों युवकों को जिला अस्पताल भेजा गया। घायलों की पहचान सुवासरा निवासी कालू सिंह पिता मदन सिंह और प्रताप सिंह पिता ईश्वर सिंह के रूप में हुई है।
नंबर प्लेट नहीं, नशे की चर्चा
दुर्घटनाग्रस्त स्विफ्ट कार पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी। मौके पर मौजूद लोगों ने यह भी आशंका जताई कि कार सवार युवकों ने शराब पी रखी थी। हालांकि पुलिस ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
हादसे के बाद क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त कार को हटाकर थाने पहुंचाया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। शुरुआती तौर पर तेज रफ्तार को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।
ताज़ा ख़बरों का अपडेट सीधा अपने फोन पर पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें।






