मनासा | नीमच जिले की मनासा तहसील के ग्राम बालागंज निवासी 26 वर्षीय विवाहिता पूजा पति बलराम ओड़ की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद जिला चिकित्सालय के बाहर परिजनों और ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। पूजा की संदिग्ध मौत को लेकर परिजनों ने उसका शव सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया और पति की गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए। और मौके पर नीमच कैंट थाना पुलिस तथा तहसीलदार मौजूद थे।
परिजनों का आरोप है कि पूजा का पति शराब के नशे में आए दिन उसके साथ मारपीट करता था और उसे मानसिक एवं शारीरिक रूप से प्रताड़ित करता था। परिवार का कहना है कि घटना के समय पति भी उसी कमरे में मौजूद था। इसी बात को लेकर परिजन मौत की परिस्थितियों पर सवाल उठा रहे हैं। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी सामने नहीं आई है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मनासा अस्पताल से नीमच किया गया था रेफर
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना के बाद पूजा को पहले उपचार के लिए मनासा अस्पताल ले जाया गया था। वहां उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे नीमच रेफर किया गया। जिला चिकित्सालय नीमच पहुंचने पर चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद पूजा को मृत घोषित कर दिया।
पूजा की संदिग्ध मौत की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में परिजन और ग्रामीण जिला चिकित्सालय पहुंच गए। इसके बाद अस्पताल परिसर के कंट्रोल रूम के सामने लोगों की भीड़ जमा हो गई और पति के खिलाफ कार्रवाई की मांग तेज हो गई।
शव सड़क पर रखा, गिरफ्तारी की मांग
आक्रोशित परिजनों ने पूजा का शव सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया। परिजनों ने मांग की कि पति को तत्काल गिरफ्तार किया जाए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो। परिजनों ने स्पष्ट कहा कि जब तक गिरफ्तारी नहीं होगी, तब तक आंदोलन समाप्त नहीं किया जाएगा। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस अधीक्षक को मौके पर बुलाने की मांग भी की। चक्काजाम के दौरान परिजन लगातार पुलिस प्रशासन से कार्रवाई की मांग करते रहे।
पूजा की संदिग्ध मौत के बाद शुरू हुए इस प्रदर्शन के चलते जिला चिकित्सालय के बाहर स्थिति तनावपूर्ण बनी रही। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचकर परिजनों को समझाने का प्रयास करते रहे।
पति पर लगाए मारपीट और प्रताड़ना के आरोप
मृतका के परिजनों ने उसके पति पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिवार का आरोप है कि वह शराब के नशे में पूजा के साथ आए दिन मारपीट करता था और उसे मानसिक एवं शारीरिक रूप से प्रताड़ित करता था। परिजनों का कहना है कि लगातार हो रही कथित प्रताड़ना के कारण पूजा लंबे समय से परेशान थी। परिवार ने घटना के समय पति के उसी कमरे में मौजूद होने का दावा भी किया है। इसी आधार पर परिजन पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच और पति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
पुलिस और परिजनों के बीच नोकझोंक
चक्काजाम की सूचना मिलने के बाद पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने और स्थिति सामान्य करने का प्रयास किया। इसी दौरान पुलिस और परिजनों के बीच तीखी नोकझोंक हुई और धक्का-मुक्की जैसी स्थिति भी निर्मित हुई।
इसके बावजूद परिजन अपनी मांग पर अड़े रहे। उनका कहना था कि पति की गिरफ्तारी होने तक धरना समाप्त नहीं किया जाएगा। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच के साथ पुलिस अधीक्षक को मौके पर बुलाने की मांग भी दोहराई।
छोटी बच्ची की मां थी पूजा
26 वर्षीय पूजा की एक छोटी बच्ची भी है। पूजा की संदिग्ध मौत के बाद परिवार और ग्रामीणों में आक्रोश है। परिजन अब मौत की परिस्थितियों की जांच और अपने द्वारा लगाए गए आरोपों के आधार पर कानूनी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
ताज़ा ख़बरों का अपडेट सीधा अपने फोन पर पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें।






