नीमच। नीमच जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से बुधवार को पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित हुई मैराथन बैठक में पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने जिलेभर के पुलिस अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। सुबह 10 बजे शुरू हुई यह मैराथन बैठक दोपहर 3 बजे तक चली, जिसमें जिले के सभी राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी और चौकी प्रभारी मौजूद रहे।
इस मैराथन बैठक में कानून व्यवस्था, महिला सुरक्षा, यातायात नियंत्रण, मादक पदार्थ तस्करी, चोरी की घटनाएं और फरार अपराधियों की गिरफ्तारी जैसे कई अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। एसपी राजेश व्यास ने स्पष्ट कहा कि जिले में अपराध नियंत्रण और जनता का विश्वास बनाए रखना पुलिस की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।
बकरीद को लेकर अलर्ट मोड पर पुलिस
आगामी ईद-उल-जुहा (बकरीद) को देखते हुए इस मैराथन बैठक में सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में शांति समिति की बैठकें आयोजित करने के निर्देश दिए गए। एसपी ने कहा कि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह या साम्प्रदायिक तनाव को गंभीरता से लिया जाए और हर गतिविधि पर नजर रखी जाए।
महिला अपराधों में संवेदनशीलता पर जोर
इस मैराथन बैठक में महिला और बालिका सुरक्षा को लेकर विशेष फोकस रखा गया। एसपी राजेश व्यास ने कहा कि महिला संबंधी अपराधों में पुलिसकर्मी संवेदनशीलता बरतें और मामलों का समय सीमा में निराकरण सुनिश्चित करें। “सुजन” अभियान के तहत महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक करने के लिए थाना स्तर पर कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए।
वहीं “सम्मान” कार्यक्रम के जरिए उन महिलाओं का मनोबल बढ़ाने की बात कही गई, जो पहले किसी अपराध का शिकार हो चुकी हैं। एसपी ने साफ कहा कि थाने और चौकियों में आने वाली महिलाओं और फरियादियों के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाए और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना जाए।
यातायात नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई
मैराथन बैठक में सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर भी सख्त निर्देश दिए गए। शराब पीकर वाहन चलाने वाले, काली फिल्म लगे वाहन, बिना नंबर की गाड़ियां और तीन सवारी चलाने वालों पर लगातार कार्रवाई करने को कहा गया।
एसपी ने यह भी कहा कि वाहन चेकिंग के दौरान आम जनता के साथ पुलिस का व्यवहार शालीन होना चाहिए। कार्रवाई के साथ पुलिस की छवि भी बेहतर बनी रहनी चाहिए।
चोरी, गुंडों और फरार आरोपियों पर फोकस
जिले में बढ़ती चोरी की घटनाओं को लेकर इस मैराथन बैठक में सभी थाना प्रभारियों को रात्रि गश्त और पेट्रोलिंग बढ़ाने के निर्देश दिए गए। संपत्ति संबंधी अपराधों में आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की बरामदगी पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।
आदतन अपराधियों के खिलाफ जिला बदर और रासुका के तहत कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। थाना क्षेत्रों में सक्रिय गुंडे-बदमाशों को चिन्हित कर उनके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करने को कहा गया।
NDPS और गौतस्करी के खिलाफ सख्ती
इस मैराथन बैठक में मादक पदार्थ तस्करी को लेकर भी गंभीर चर्चा हुई। थाना प्रभारियों को NDPS एक्ट के मामलों में पारदर्शिता बरतने और हर कार्रवाई की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए।
सफेमा और पीट एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रस्ताव तैयार करने के साथ ही गौवंश तस्करी और अवैध परिवहन में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।
थानों में साफ-सफाई और सुविधाओं पर जोर
एसपी राजेश व्यास ने कहा कि भीषण गर्मी को देखते हुए सभी थानों और चौकियों में आगंतुकों के लिए ठंडे पानी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही थानों की साफ-सफाई पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया।
लंबित अपराध, गुम बालक-बालिकाओं की दस्तयाबी, लंबित चालान और सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के जल्द निराकरण को लेकर भी अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए।
इस महत्वपूर्ण मैराथन बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवल सिंह सिसोदिया, नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान, एसडीओपी जावद रोहित राठौर और एसडीओपी मनासा निकिता सिंह सहित जिलेभर के थाना प्रभारी और चौकी प्रभारी मौजूद रहे।
ताज़ा ख़बरों का अपडेट सीधा अपने फोन पर पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें।






