बड़ीसादड़ी। बड़ीसादड़ी बाइक लूट मामले में पुलिस ने वारदात का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर लूटी गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है। मामले में तीन अन्य आरोपियों को नामजद किया गया है, जिनकी तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, टांडा बंजारा (डूंगरिया), घाटोल निवासी 18 वर्षीय विक्रम जोगी 11 अगस्त की शाम करीब 7 बजे निजी काम से बड़ीसादड़ी आया था। बिजली कार्यालय के सामने बैंक के पास उसने अपनी मोटरसाइकिल रोकी थी। इसी दौरान वहां मौजूद 3-4 युवकों ने उससे शराब पीने के लिए पैसे मांगे। युवक ने पैसे देने से इनकार किया तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और उसकी मोटरसाइकिल लेकर फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित ने बड़ीसादड़ी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने प्रकरण संख्या 211/2026 के तहत बीएनएस की धाराओं 119(1), 126(2), 115(2), 304(2) एवं 3(5) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
सीसीटीवी फुटेज ने खोला रास्ता
बड़ीसादड़ी बाइक लूट की जांच में पुलिस टीम ने बड़ीसादड़ी कस्बे, पण्डेडा और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही तकनीकी सहायता और मानवीय सूचना के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास किया गया। पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान वारदात में गजेन्द्र मीणा और उसके तीन अन्य साथियों की संलिप्तता सामने आई। इसके बाद पण्डेडा निवासी गजेन्द्र पिता उदयलाल मीणा, उम्र 20 वर्ष, को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी की निशानदेही पर लूटी गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी चोरी के मामले दर्ज हैं।
अकेले लोगों को बनाते थे निशाना
पुलिस के अनुसार, आरोपी रात के समय अकेले लोगों को देखकर उनसे शराब पीने के लिए पैसे मांगते थे। पैसे देने से मना करने पर मारपीट कर नकदी और सामान लूटने का आरोप है। पुलिस के मुताबिक, इसके बाद लूट की राशि से आरोपी शराब का सेवन कर मौज-मस्ती करते थे। इस मामले में तीन अन्य आरोपियों को नामजद किया गया है। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस तलाश कर रही है।
पुलिस टीम ने ऐसे की कार्रवाई
कार्रवाई थानाधिकारी भगवानलाल के नेतृत्व में की गई। टीम में सहायक उप निरीक्षक लक्ष्मीलाल, कांस्टेबल श्रवण कुमार (604), बाबूलाल (521), राकेश भाटी (389), अचलाराम (640), प्रेमाराम (1050) और बाबूलाल (1685) शामिल रहे।
पुलिस के अनुसार, बड़ीसादड़ी बाइक लूट मामले में सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी सहायता और मानवीय सूचना की मदद से आरोपी तक पहुंच बनाई गई। एक आरोपी की गिरफ्तारी और बाइक बरामदगी के बाद अब पुलिस तीन अन्य नामजद आरोपियों की तलाश में जुटी है।
ताज़ा ख़बरों का अपडेट सीधा अपने फोन पर पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें।


