देवास | मध्यप्रदेश के देवास जिले के गुनाई गांव में 21 माह की मासूम कनक की मौत हो गई। वह मंगलवार सुबह अपनी पांच साल की बहन श्रद्धा के साथ घर के सामने खेल रही थी। इसी दौरान अचानक कनक चीख पड़ी और रोने लगी। परिजनों ने उसके दाहिने पैर पर किसी जानवर के काटने जैसे निशान और खून देखा। इसके बाद परिवार ने सांप के काटने की आशंका जताई।
पिता सतीश बच्ची को बचाने के लिए उसे गोद में लेकर कार से करीब 18 किलोमीटर दूर देवास जिला अस्पताल पहुंचे। करीब 25 से 30 मिनट में अस्पताल पहुंचने के बाद डॉक्टरों ने जांच की, लेकिन बच्ची को मृत घोषित कर दिया। देवास में 21 माह की मासूम की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा है।
अचानक चीखने के बाद मचा हड़कंप
पिता सतीश के अनुसार, घटना के समय वह अपनी पत्नी और दोनों बेटियों के साथ घर के सामने गली में बैठे थे। श्रद्धा और कनक वहीं खेल रही थीं। अचानक कनक जोर से चीख पड़ी और रोने लगी। परिजन तुरंत बच्ची के पास पहुंचे। उसके दाहिने पैर पर काटने जैसे निशान दिखाई दिए और खून निकल रहा था। परिवार ने आसपास सांप की तलाश भी की, लेकिन सांप नहीं मिला। इसके बाद परिजनों ने बच्ची को तत्काल अस्पताल ले जाने का फैसला किया। पिता सतीश उसे गोद में लेकर कार से देवास जिला अस्पताल के लिए रवाना हुए।
18 किलोमीटर दूर अस्पताल लेकर दौड़े पिता
परिजनों को उम्मीद थी कि समय रहते इलाज मिलने से कनक की जान बच सकती है। पिता ने करीब 18 किलोमीटर का रास्ता 25 से 30 मिनट में तय किया। लेकिन अस्पताल पहुंचने तक बच्ची की हालत बेहद गंभीर थी। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने उसकी जांच की और उसे मृत घोषित कर दिया।
देवास में 21 माह की मासूम की मौत की सूचना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। जिस पिता ने कुछ देर पहले बेटी की जान बचाने के लिए उसे गोद में उठाकर अस्पताल की ओर दौड़ लगाई थी, उन्हें पोस्टमॉर्टम के बाद कफन में लिपटा शव लेकर लौटना पड़ा।
पैर पर मिले निशान, मौत की वजह अभी साफ नहीं
जिला अस्पताल के डॉक्टर कमल किशोर के अनुसार, बच्ची को अस्पताल लाने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी। उसके दाहिने पैर पर किसी जानवर के काटने जैसे निशान मिले हैं।हालांकि, डॉक्टर के अनुसार अभी यह स्पष्ट नहीं है कि बच्ची की मौत सांप के काटने से हुई या किसी अन्य कारण से। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
घटना के बाद परिवार ने सांप की तलाश की थी, लेकिन वह नहीं मिला। इसलिए फिलहाल सांप के काटने की पुष्टि नहीं हुई है।
पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा
पोस्टमॉर्टम के बाद कनक का शव परिजनों को सौंप दिया गया। परिजनों के अनुसार, दादी ने भी पोती को अंतिम बार गोद में लेकर दुलारा। कुछ समय पहले तक घर के सामने बहन के साथ खेल रही कनक की अचानक मौत से गुनाई गांव में शोक का माहौल है।
ताज़ा ख़बरों का अपडेट सीधा अपने फोन पर पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें।






