मंदसौर। मंदसौर जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नई आबादी थाना पुलिस ने एक युवक को 1 किलोग्राम अवैध अफीम के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 2 लाख रुपए कीमत की अफीम, एक मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन जब्त किया है।
नया खेड़ा क्षेत्र में की गई घेराबंदी
पुलिस के अनुसार थाना प्रभारी कुलदीप सिंह राठौर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक नया खेड़ा खेल मैदान क्षेत्र से अवैध अफीम लेकर गुजरने वाला है। सूचना के बाद पुलिस टीम ने क्षेत्र में घेराबंदी की और संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पास से 1 किलो अफीम बरामद हुई।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी की पहचान बालकृष्ण उर्फ कान्हा पिता राजेश पंवार (24) निवासी ग्राम रिछा बच्चा, थाना दलौदा, जिला मंदसौर के रूप में की है। आरोपी के खिलाफ थाना नई आबादी में अपराध क्रमांक 91/26 के तहत धारा 8/18 एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया गया है।
बाइक और मोबाइल भी किए गए जब्त
पुलिस के मुताबिक जब्त अफीम की अनुमानित कीमत करीब 2 लाख रुपए है। इसके अलावा तस्करी में उपयोग की जा रही मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि मोबाइल की तकनीकी और साइबर जांच कराई जा रही है, जिससे मादक पदार्थों की सप्लाई चेन और अन्य आरोपियों के बारे में जानकारी मिल सकती है।
पुलिस आरोपी को शुक्रवार को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है। पूछताछ के दौरान अफीम की खरीद-फरोख्त और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जाएगी।
नशे के खिलाफ अभियान रहेगा जारी
यह कार्रवाई पुलिस मुख्यालय द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एसपी विनोद कुमार मीना के निर्देशन और थाना प्रभारी कुलदीप सिंह राठौर के नेतृत्व में की गई। पुलिस ने कहा है कि जिले में नशे के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
ताज़ा ख़बरों का अपडेट सीधा अपने फोन पर पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें।






